मेरठ में सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह ने पांच किशोरों की जान को खतरे में डाल दिया। मामला जागृति विहार रिंग रोड एक्सटेंशन स्थित एमआईईटी स्कूल के पास की ऊंची पानी की टंकी का है, जहां पांच किशोर सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए टंकी पर चढ़ गए। वहां उन्होंने खतरनाक स्टंट किए और रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की कोशिश की।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना सीसीएसयू छात्र नेता विनीत चपराना को दी, जिन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसे संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
विनीत चपराना ने आवास विकास परिषद से पानी की टंकी जैसी महत्वपूर्ण जगहों पर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने टंकी के आसपास ऊंची फेंसिंग, बैरिकेडिंग और नियमित निगरानी की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि कोई भी व्यक्ति आसानी से वहां न पहुंच सके।
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि किशोरों का इतनी आसानी से पानी की टंकी पर चढ़ जाना सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उनका मानना है कि प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने चाहिए।
वहीं मेडिकल थाना प्रभारी सतवीर सिंह अत्री ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहे किशोरों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और लोगों से भी अपील की है कि रील बनाने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह

