मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड में अदालत ने सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में दोषी मुस्कान रस्तोगी और साहिल शुक्ला को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। जिला जज अरविंद कुमार मिश्रा की अदालत में बुधवार को सजा पर सुनवाई हुई, जहां दोनों दोषियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया।
सजा सुनाने से पहले अदालत ने दोनों को अपनी बात रखने का मौका दिया। शुरुआत में दोनों ने कहा कि उन्हें कुछ नहीं कहना है। हालांकि, लंच के बाद दोबारा सुनवाई के दौरान अदालत ने मुस्कान से उसकी सजा को लेकर सवाल किया। इस पर मुस्कान ने अपनी दोनों छोटी बेटियों का हवाला देते हुए कम से कम सजा देने की गुहार लगाई। उसने कहा कि उसकी बेटियों का ख्याल रखा जाए।
वहीं, साहिल शुक्ला ने भी अदालत से कम से कम सजा देने की अपील की। लेकिन दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने दोनों को मृत्युदंड की सजा सुना दी।
जेल प्रशासन के मुताबिक, फैसला सुनाए जाने के दौरान मुस्कान हाथ जोड़कर खड़ी रही और बाद में रोने लगी। साहिल की आंखें भी नम हो गईं। कुछ देर बाद दोनों फूट-फूटकर रोने लगे, जिसके बाद उन्हें वापस बैरकों में ले जाया गया।
सजा की सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने मुस्कान की दोनों बेटियों के भविष्य और पालन-पोषण का हवाला देते हुए नरमी बरतने की अपील की थी। दूसरी ओर, अभियोजन पक्ष ने हत्या की गंभीरता और क्रूरता को देखते हुए दोनों के लिए मृत्युदंड की मांग की थी।
अब इस चर्चित हत्याकांड में अदालत के फैसले ने एक बार फिर पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


