Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
Delhi : रोहिणी सेक्टर-18 में 20 मामलों वाला बदमाश गिरफ्तार, पिस्तौल और चोरी की बाइक बरामद

Delhi : रोहिणी सेक्टर-18 में 20 मामलों वाला बदमाश गिरफ्तार, पिस्तौल और चोरी की बाइक बरामद

Delhi SamacharDelhi Samachar13 October 2026, 10:43 AM11 views

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-18 में पुलिस के हत्थे चढ़ा एक ऐसा आरोपी, जिसके आपराधिक रिकॉर्ड में दर्ज हैं 20 मामले! पुलिस ने जब इस युवक को पकड़कर तलाशी ली, तो देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस मिला। वहीं, जिस बाइक पर सवार होकर वह घूम रहा था, वह भी चोरी की निकली। अब सवाल यह है कि आखिर 20 आपराधिक मामलों में नामजद यह आरोपी पुलिस के हत्थे कैसे चढ़ा?

यह कार्रवाई बाहरी-उत्तरी जिले के थाना समयपुर बादली पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान की। पुलिस के मुताबिक, टीम रोहिणी सेक्टर-18 में उत्सव अपार्टमेंट्स के पास सर्विस रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान बादली अंडरपास की तरफ से बाइक पर आ रहे एक युवक की नजर पुलिस टीम पर पड़ी। पुलिस को देखते ही उसने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने सतर्कता दिखाते हुए पीछा किया और उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय सचिन के रूप में हुई है, जो लिबासपुर का रहने वाला है। पुलिस की तलाशी में उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके बाद आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

वहीं, जब पुलिस ने आरोपी के साथ बरामद बाइक की जांच की, तो पता चला कि यह बाइक थाना नॉर्थ रोहिणी इलाके से चोरी की गई थी। पुलिस के अनुसार, सचिन थाना समयपुर बादली का एक्टिव बीसी यानी घोषित बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि उसके अन्य आपराधिक मामलों और संभावित संलिप्तता के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।