दिल्ली के रोहिणी में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रोहिणी जिला पुलिस की एसटीएफ ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चार पिस्तौल, एक देसी कट्टा, .32 बोर का रिवॉल्वर, 52 कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। हथियारों की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही फोर्ड एंडेवर और महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन गाड़ियों को भी जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को केएनके मार्ग थाने में बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस दौरान राहुल ग्रेवाल उर्फ पिंकू और आकाश को फोर्ड एंडेवर से दो पिस्तौल और सात कारतूस के साथ पकड़ा गया था। जांच में दोनों के संबंध विक्की हड्डल गिरोह से सामने आए।
पूछताछ के दौरान हथियार सप्लायर के रूप में प्रवेश उर्फ प्रिंस का नाम सामने आया। इसके बाद एसटीएफ ने बुद्ध विहार निवासी 25 वर्षीय प्रवेश को महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन से हथियार पहुंचाते समय गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से दो पिस्तौल, एक रिवॉल्वर, एक देसी कट्टा, 45 कारतूस और चाकू बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, हथियारों पर भारतीय आयुध निर्माण की मुहर थी, जबकि उनके सीरियल नंबर मिटाए गए थे। प्रवेश के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे हथियार आपूर्ति नेटवर्क की जांच कर रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


