Delhi Samachar
UP : मेरठ में गोदामों से करोड़ों की संदिग्ध पटाखा सामग्री बरामद, आरोपी गिरफ्तार

UP : मेरठ में गोदामों से करोड़ों की संदिग्ध पटाखा सामग्री बरामद, आरोपी गिरफ्तार

Delhi SamacharDelhi Samachar10 September 2026, 10:08 AM17 views

मेरठ के गोदामों में भारी मात्रा में पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध रासायनिक सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया। परतापुर, ब्रह्मपुरी, रेलवे रोड और देहलीगेट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कई ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में केमिकल, पाउडर, फ्यूज वायर और तैयार पटाखे बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई कौशांबी में 31 अगस्त को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 13 लोगों की मौत के बाद अवैध पटाखा और विस्फोटक सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर पुलिस ने बुधवार शाम एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई की।

रेलवे रोड थाना क्षेत्र के केसरगंज मंडी में गौरव अग्रवाल से जुड़े दो गोदामों पर छापेमारी हुई। यहां करीब 4 हजार किलो अलग-अलग तरह का केमिकल मिश्रण, स्काई शॉट, पटाखों की नलियां और तैयार पटाखे मिले।

वहीं देहलीगेट के लाला का बाजार इलाके में तीन दुकानों और दो गोदामों की तलाशी ली गई। यहां एल्युमिनियम, मैग्नीशियम, टाइटेनियम, बेरियम समेत कई तरह के पाउडर और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई।

पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। बरामद सामग्री को सुरक्षा के लिहाज से पुलिस लाइन के खुले मैदान में रखा गया है। पुलिस के मुताबिक बरामद कच्चे माल की कीमत करोड़ों में है और वास्तविक कीमत का आकलन जांच के बाद किया जाएगा।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।