Delhi Samachar
UP : कौशांबी LPG टैंकर हादसे का CCTV आया सामने, टोल से टकराते ही गैस रिसी... जेनरेटर की चिंगारी बनी मौत की वजह

UP : कौशांबी LPG टैंकर हादसे का CCTV आया सामने, टोल से टकराते ही गैस रिसी... जेनरेटर की चिंगारी बनी मौत की वजह

Delhi SamacharDelhi Samachar03 July 2026, 07:23 AM1 views

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में हुए भीषण एलपीजी टैंकर हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे हादसे की भयावह तस्वीर साफ कर दी है। 26 जून की सुबह कोखराज थाना क्षेत्र के सिरोही टोल प्लाजा पर एक एलपीजी टैंकर अचानक टोल बैरियर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर से तेजी से गैस का रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते पूरा टोल प्लाजा गैस के घने बादल से ढक गया।

वीडियो में दिखाई देता है कि कुछ वाहन समय रहते वहां से निकल गए, जबकि टोलकर्मी और अन्य लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आए। करीब साढ़े तीन मिनट बाद गैस टोल प्लाजा परिसर में चल रहे जेनरेटर तक पहुंची। जेनरेटर के साइलेंसर से निकली चिंगारी ने गैस को आग पकड़वा दी और कुछ ही सेकंड में पूरा इलाका आग की लपटों में घिर गया। आग इतनी भीषण थी कि टोल प्लाजा, यार्ड में खड़े वाहन और आसपास का हिस्सा जलकर राख हो गया।

इस दर्दनाक हादसे में टैंकर चालक समेत अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। चालक की टैंकर के अंदर ही जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि तीन टोलकर्मियों और एक राहगीर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल का अभी भी इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी सिस्टम पूरी तरह नष्ट हो गए थे, लेकिन विशेषज्ञों ने सर्वर से फुटेज रिकवर कर घटना की पूरी तस्वीर सामने रखी। इस वीडियो ने साफ कर दिया कि गैस रिसाव के बाद जेनरेटर की चिंगारी ने इस हादसे को भयावह अग्निकांड में बदल दिया।

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।