Delhi Samachar
UP : मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत, 20 घायल

UP : मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत, 20 घायल

Delhi SamacharDelhi Samachar30 June 2026, 05:59 AM14 views

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 112 और 113 के बीच सवारियों से भरी एक वॉल्वो बस गिट्टी से लदे ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल हो गए।

हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, बिहार नंबर की प्राइवेट वॉल्वो बस लखनऊ से यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। वहीं राजस्थान नंबर का गिट्टी से भरा ट्रेलर एक्सप्रेसवे की तीसरी लेन में चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बस पीछे से ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों के पास मिले दस्तावेजों और अन्य सामान के आधार पर पहचान करने की कोशिश की जा रही है ताकि उनके परिजनों को सूचना दी जा सके।

प्राथमिक जांच में हादसे की वजह बस चालक को नींद की झपकी आना मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।