सोनीपत : गुम हुआ मोबाइल फोन तलाशने में मदद करने के नाम पर तीन हजार रुपये की रिश्वत मांगना कुंडली थाने में तैनात होमगार्ड जवान को महंगा पड़ गया। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) सोनीपत की टीम ने रविवार शाम को आरोपी होमगार्ड जवान सोनू को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने बीसवां मील चौक स्थित राई खेलकूद स्कूल के पास कार्रवाई को अंजाम दिया।
कुंडली निवासी मोहन का मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया था। मोबाइल की तलाश के लिए उसने पुलिस से मदद मांगी थी। आरोप है कि कुंडली थाने में तैनात होमगार्ड जवान सोनू ने मोबाइल ढूंढने में मदद करने के नाम पर उससे तीन हजार रुपये की मांग की। रिश्वत मांगे जाने से परेशान मोहन ने इसकी शिकायत एसीबी सोनीपत को दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
योजनाबद्ध तरीके से एसीबी की टीम ने रविवार शाम को बीसवां मील चौक के पास राई खेलकूद स्कूल के नजदीक कार्रवाई की। इस दौरान जैसे ही होमगार्ड जवान सोनू ने शिकायतकर्ता से तीन हजार रुपये लिए, टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली एसीबी टीम में एएसआई अंजीत, राजेश सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। डीएसपी राहुल देव ने बताया कि कुंडली निवासी मोहन ने मोबाइल फोन गुम होने के मामले में मदद के नाम पर होमगार्ड जवान द्वारा तीन हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है।


