जयपुर के करधनी इलाके में एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया गया, जिसमें एक हिस्ट्रीशीटर को बचने तक का मौका नहीं मिला। बदमाशों ने पहले उसकी गाड़ी का पीछा किया, फिर रास्ता रोककर उसे घेर लिया और देखते ही देखते उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
घटना बुधवार रात करीब 8 बजे जगदंबा नगर की है। मृतक की पहचान जोबनेर निवासी विजय बाजिया के रूप में हुई है, जो जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
DCP वेस्ट प्रशांत किरण के मुताबिक, विजय बाजिया अपनी टोयोटा फॉर्च्यूनर से जोबनेर से जयपुर आ रहा था। इसी दौरान कैंपर गाड़ी में सवार 4 से 6 बदमाशों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। बदमाशों ने उसकी SUV को कैंपर से टक्कर मारकर रोक लिया। खुद को घिरा देख विजय ने भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।
इसके बाद बदमाशों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब पांच मिनट के भीतर ही विजय की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कैंपर गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। घटना के दौरान कुछ लोगों ने वीडियो भी रिकॉर्ड किया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में किसी पुराने केस को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


