पुराने सिक्कों की कीमत लाखों में मिलने का लालच... पहले भरोसा जीतकर पैसे ऐंठे गए और जब महिला ने रकम वापस मांगी तो शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खतरनाक खेल। ठगों ने एआई से तैयार फर्जी तस्वीरों और वीडियो के जरिए महिला को इस कदर डराया कि आखिरकार एक परिवार की खुशियां उजड़ गईं।
मामला राजस्थान के झालावाड़ का है, जहां 56 वर्षीय मधुबाला ठाकुर ने कथित साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर 2 नवंबर को आत्महत्या कर ली। इस मामले में झालावाड़ पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बिहार से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सोशल मीडिया पर पुराने और दुर्लभ सिक्के खरीदने का झांसा देकर महिला से संपर्क किया। शुरुआत में छोटी रकम देकर विश्वास जीता और फिर अलग-अलग बहानों से लाखों रुपये वसूल लिए। जब महिला ने पैसे देने से इनकार किया तो उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया गया।
आरोपियों ने एआई से बनाई गई फर्जी तस्वीरें और वीडियो भेजे। यहां तक कि महिला के बेटे को गंभीर आपराधिक मामले में फंसाने और उसकी जान को खतरा होने की धमकी भी दी। फर्जी पुलिस कार्रवाई के वीडियो, अस्पताल के बिल और दिल्ली पुलिस के नाम से नकली नोटिस भेजकर महिला पर दबाव बनाया गया।
एसपी अमित बुडानिया के निर्देशन में गठित एसआईटी ने बैंक खातों और यूपीआई ट्रांजेक्शन की जांच के बाद बिहार के सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया में दबिश दी और गिरोह के सरगना समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
यह मामला साइबर ठगी के बदलते तरीकों को लेकर गंभीर चेतावनी है। सोशल मीडिया पर पुराने सिक्कों और नोटों को लाखों में खरीदने के ऑफर से सावधान रहें और किसी भी तरह की ब्लैकमेलिंग होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
रिपोर्ट - सन्नी तुषीर


