नोएडा के डूब क्षेत्र में बिजली कटौती को लेकर लोगों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। छिजारसी, चोटपुर और बेहलोलपुर समेत कई इलाकों के निवासी बड़ी संख्या में विधायक पंकज सिंह के कार्यालय पहुंचे और घेराव कर अपनी मांगें रखीं। लोगों का कहना था कि पिछले चार दिनों से बिजली विभाग की कार्रवाई के चलते हजारों कनेक्शन काटे जा चुके हैं, जिससे घरों में बिजली का संकट पैदा हो गया है।
प्रदर्शन कर रहे निवासियों ने कहा कि वे इन इलाकों में कई वर्षों से रह रहे हैं और कई लोगों के पास अपने मकानों की रजिस्ट्री भी है। ऐसे में अचानक बिजली कनेक्शन काटे जाने से रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। बच्चों की पढ़ाई से लेकर पानी और घरेलू कामकाज तक, लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
निवासियों की सबसे बड़ी मांग है कि उन्हें भी शहर के दूसरे इलाकों की तरह 24 घंटे बिजली की सुविधा दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने घरों में पक्के और वैध बिजली मीटर लगाए जाने की मांग रखी, ताकि बिजली आपूर्ति को लेकर स्थायी समाधान मिल सके।
दरअसल, बिजली विभाग की कार्रवाई अवैध बिजली आपूर्ति और निजी सिंडिकेट द्वारा लगाए गए अवैध मीटरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। विभाग ने अभियान के दौरान हजारों कनेक्शन काटे हैं।
विधायक कार्यालय पहुंचकर लोगों ने अपनी समस्याएं विधायक पंकज सिंह के सामने रखीं। विधायक की ओर से आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारी वापस अपने घरों की ओर लौट गए।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


