Delhi Samachar
Noida : ई-स्कूटी चार्जिंग बनी जानलेवा! नोएडा की पीजी बिल्डिंग में भीषण आग, दो की दर्दनाक मौत

Noida : ई-स्कूटी चार्जिंग बनी जानलेवा! नोएडा की पीजी बिल्डिंग में भीषण आग, दो की दर्दनाक मौत

Delhi SamacharDelhi Samachar15 July 2026, 11:51 AM9 views

नोएडा के सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव में बुधवार दोपहर एक पांच मंजिला पीजी बिल्डिंग में भीषण आग लगने से एक युवक और एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह ग्राउंड फ्लोर पर चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

बताया जा रहा है कि स्कूटी में लगी आग पार्किंग में खड़े अन्य पेट्रोल वाहनों तक फैल गई, जिससे कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएं और लपटों की चपेट में आ गई। बिल्डिंग में 50 से अधिक कमरे थे, जहां बड़ी संख्या में लोग रह रहे थे। आग ग्राउंड फ्लोर पर लगने के कारण इमारत का मुख्य निकास रास्ता बंद हो गया और कई लोग अंदर फंस गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, थाना फेज-3 पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव दल ने आसपास की इमारतों की छतों से सीढ़ियां लगाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब 50 परिवारों को रेस्क्यू कर लिया गया, लेकिन एक युवक और एक युवती धुएं के कारण बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमारत में पर्याप्त वेंटिलेशन और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था नहीं थी। पुलिस ने बिल्डिंग मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की जांच की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य, घायलों को हरसंभव सहायता और मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।