उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में दिवाली की रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर एक कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। इस हादसे में कार सवार छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें एक 10 से 12 साल का बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा थाना तितावी क्षेत्र के जगाहेड़ी के पास एक ओवरब्रिज पर हुआ। कार में सवार सभी लोग हरियाणा के जींद के रहने वाले थे और हरियाणा से हरिद्वार जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मुजफ्फरनगर के एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महादिक के मुताबिक, कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराई थी, जिसके बाद उसमें आग लग गई। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के लखनऊ में भी लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर सवारियों से भरी बस पलट गई। हादसा पारा थाना क्षेत्र के जीरो माइल के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बस में फंसे तथा नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लगातार दो हादसों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


