उत्तर प्रदेश के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर एक बस हादसे ने कई परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। सफर पर निकले यात्रियों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि उनका यह रास्ता इतना दर्दनाक साबित होगा। पारा थाना क्षेत्र के पास यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत की खबर है, जबकि करीब 40 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह बस राजस्थान के रेवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही थी। बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे। इसी दौरान लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर पारा थाना क्षेत्र के पास चालक का बस से नियंत्रण बिगड़ गया और देखते ही देखते बस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की भारी टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और फायर विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के पारा क्षेत्र में हुए इस हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित परिवारों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।
फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


