दिवाली का त्योहार नजदीक है और बाजारों में मिठाइयों की खरीदारी तेज हो गई है, लेकिन अगर आप नोएडा या ग्रेटर नोएडा में मिठाई खरीदने जा रहे हैं, तो जरा सावधान हो जाइए। जिस मिठाई को आप अपने परिवार की खुशियों के लिए घर ले जा रहे हैं, उसकी गुणवत्ता और साफ-सफाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में मिठाई बनाने वाली जगह पर ऐसी गंदगी मिली, जिसे देखकर किसी का भी मन खराब हो जाए। नोएडा के सेक्टर-62 स्थित रसूलपुर नवादा में सम्यक मिठाई की दुकान पर बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाइयां तैयार की जा रही थीं। यहां रसगुल्लों में मक्खी और मच्छर पड़े मिले। कार्रवाई के दौरान करीब 300 किलो रसगुल्ले मौके पर ही नष्ट कराए गए, जबकि 450 किलो बूंदी सीज कर दी गई।
वहीं, कार्रवाई के दौरान कुल मिलाकर 400 किलो रसगुल्ले नष्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा गढ़ी चौखंडी, सेक्टर-121 और बिशनपुर, सेक्टर-58 से भी बूंदी और लड्डू के नमूने जांच के लिए लिए गए।
अब सवाल यह है कि त्योहार के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले ऐसे कारोबारियों पर कितनी सख्त कार्रवाई होगी? आखिर मिठाई के नाम पर लोगों को गंदगी परोसने की इजाजत कैसे मिल रही है?
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


