उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में साइट-4 स्थित बनाना ट्री होटल में लगी आग ने कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। होटल की पांचवीं मंजिल से शुरू हुई आग तेजी से ऊपर की ओर फैलने लगी, जिसके बाद दमकल विभाग की टीमों ने मोर्चा संभाला। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, 27 अक्टूबर को दोपहर 1 बजकर 29 मिनट पर दमकल विभाग को होटल में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही नौ दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। इसके अलावा, बचाव अभियान में मदद के लिए वैशाली फायर स्टेशन से हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म भी भेजा गया।
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि आग होटल की पांचवीं मंजिल से शुरू हुई थी और तेजी से फैल रही थी। आग पर काबू पाने और उसे दूसरी जगहों तक पहुंचने से रोकने के लिए दमकलकर्मियों ने होटल के आंतरिक अग्निशमन सिस्टम का इस्तेमाल किया। दो पानी की होज़ लगाकर आग बुझाने का अभियान चलाया गया।
अधिकारी के अनुसार, होटल के 12 कमरों में करीब 20 लोग मौजूद थे। दमकलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फिलहाल, इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


