अंबेडकरनगर के गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। जैतपुर थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 85 के पास वोल्वो बस और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि तेगरा एक्सप्रेस की वोल्वो बस दिल्ली से दरभंगा जा रही थी। सुबह करीब 5:30 बजे बस की ट्रेलर से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया।
पुलिस ने घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज और सद्दरपुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे में जान गंवाने वाले और घायल यात्रियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान कराने में जुटी हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजवीर सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में बस चालक को झपकी आने की बात सामने आ रही है। हालांकि हादसे की सही वजह जानने के लिए पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


