सोनीपत के कुंडली की शिवपुरी कॉलोनी में लंबे समय से बंद पड़े नालों और सड़कों पर जमा गंदे पानी की समस्या को लेकर आज नगर निगम की अध्यक्ष शिमला देवी ने मौके पर पहुंचकर बड़ा एक्शन लिया।
दरअसल, शिवपुरी कॉलोनी में नालों की सफाई नहीं होने के चलते गंदा पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य सड़क पर जमा हो रहा था, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय युवक मनोज गुर्जर के द्वारा इस समस्या को लेकर नगर निगम में कई बार शिकायत दी गई थी। इसी शिकायत पर संज्ञान लेते हुए आज नगर निगम की अध्यक्ष शिमला देवी कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचीं।
मौके पर सड़क पर जमा गंदे पानी को निकलवाया गया, साथ ही नालों और नालियों की सफाई भी करवाई गई, ताकि पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके और दोबारा सड़क पर गंदा पानी जमा न हो।
वहीं, इस दौरान स्थानीय युवक मनोज गुर्जर भी मौके पर मौजूद रहे।
हालांकि, स्थानीय लोगों ने शिवपुरी कॉलोनी के पार्षद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अगर समय रहते नालों और नालियों की सफाई करवाई जाती, तो आम जनता को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों पर समय रहते संज्ञान नहीं लिया जाता, जिसके कारण शिवपुरी कॉलोनी में गंदे पानी की समस्या बनी रहती है।
अब देखना होगा कि नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद शिवपुरी कॉलोनी के लोगों को गंदे पानी की समस्या से कितनी राहत मिलती है।


