हापुड़ में मिलावट और खराब स्वच्छता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार रात करीब 10 बजे सिम्भावली क्षेत्र के टोडरपुर गांव में टीम ने पनीर निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 1300 किलो पनीर नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 74 हजार 680 रुपये बताई गई है।
सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने गांव में एक-दूसरे से सटी तीन पनीर निर्माणशालाओं की जांच की। जहीर की इकाई से करीब 320 किलो, कादिर के यहां से 350 किलो और जमीर की निर्माणशाला से 550 किलो तैयार पनीर मिला।
अधिकारियों के मुताबिक, इन इकाइयों में पनीर का निर्माण और भंडारण अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जा रहा था। पनीर में मिलावट की आशंका और स्वच्छता मानकों का पालन न होने के कारण बरामद पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके साथ ही तीनों इकाइयों से पनीर और दूध के एक-एक नमूने भी लिए गए हैं।
इसी गांव में सरताज के प्रतिष्ठान की भी जांच की गई। यहां से पनीर और दूध के नमूने लिए गए और करीब 80 किलो पनीर नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने साफ किया कि जांच के दौरान किसी भी इकाई में कोई अपमिश्रक नहीं मिला। विभाग ने कहा है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से समझौता नहीं किया जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


