Delhi Samachar
राज्यBREAKING NEWS
गाजियाबाद में 10 क्विंटल रसगुल्ले नष्ट, मिलावट की आशंका पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

गाजियाबाद में 10 क्विंटल रसगुल्ले नष्ट, मिलावट की आशंका पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

Delhi SamacharDelhi Samachar25 August 2026, 07:25 AM12 views

रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए गाजियाबाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के भीमनगर में खाद्य विभाग की टीम ने सचिन छेना स्टोर पर छापेमारी कर करीब 10 क्विंटल छेना रसगुल्ले नष्ट कराए। अधिकारियों के मुताबिक, रसगुल्ले बेहद गंदे और अस्वच्छ माहौल में तैयार किए जा रहे थे।

जांच के दौरान टीम को रसगुल्ले बनाने में इस्तेमाल होने वाले पनीर, चीनी, एरारोट और सेफोलाइट समेत कई सामग्री मिली। रसायनों के इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए विभाग ने चार नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि खाद्य पदार्थों में किसी प्रतिबंधित या मानक के विपरीत पदार्थ का इस्तेमाल किया गया था या नहीं।

खाद्य विभाग के अधिकारी सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि करीब 10 क्विंटल तैयार रसगुल्ले अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे और बनाए जा रहे थे, इसलिए उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही प्रतिष्ठान के लाइसेंस को निलंबित या निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वहीं, त्योहारों को देखते हुए गाजियाबाद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। इससे पहले भोजपुर क्षेत्र में भी संदिग्ध पनीर, मावा और अन्य खाद्य सामग्री जब्त की गई थी। अधिकारियों ने साफ किया है कि जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान रक्षाबंधन तक लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।