Delhi Samachar
नोएडा में 100 किलो दूषित रसगुल्ले नष्ट, मक्खी-मच्छर मिलने से मचा हड़कंप

नोएडा में 100 किलो दूषित रसगुल्ले नष्ट, मक्खी-मच्छर मिलने से मचा हड़कंप

Delhi SamacharDelhi Samachar25 August 2026, 06:12 AM11 views

नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया। सरफाबाद, सेक्टर-72 स्थित एक रसगुल्ला निर्माणशाला में जांच के दौरान करीब 100 किलो रसगुल्ले बेहद खराब और प्रदूषित हालत में पाए गए। इन रसगुल्लों में मक्खी और मच्छर पड़े मिले, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पूरी खेप को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने प्रदीप कुमार की रसगुल्ला निर्माणशाला पर छापा मारकर रसगुल्ले का नमूना लिया। जांच में बड़ी मात्रा में दूषित रसगुल्ले मिलने के बाद उन्हें नष्ट कराया गया। अधिकारियों ने साफ किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा विभाग की अलग-अलग टीमों ने जेवर टोल प्लाजा, सेक्टर-134 और इकोटेक-2 इलाके में भी जांच अभियान चलाया। जेवर टोल प्लाजा पर दिल्ली जा रहे पनीर के तीन नमूने लिए गए। सेक्टर-134 स्थित बीकानेर स्वीट्स से घेवर का नमूना लिया गया, जबकि इकोटेक-2 की शगुन स्वीट्स निर्माणशाला से खोया और घेवर के नमूने लिए गए।

अधिकारियों के मुताबिक कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। खाद्य विभाग का कहना है कि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।