Delhi Samachar
पति को नींद की 25 गोलियां, फिर करैत सांप से डसवाकर हत्या... प्रेमी संग पत्नी की खौफनाक साजिश का खुलासा

पति को नींद की 25 गोलियां, फिर करैत सांप से डसवाकर हत्या... प्रेमी संग पत्नी की खौफनाक साजिश का खुलासा

Delhi SamacharDelhi Samachar19 July 2026, 08:59 AM6 views

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक स्कूल संचालक की हत्या उसकी ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेहद सुनियोजित तरीके से करवा दी। पुलिस के अनुसार, वारदात से पहले पत्नी ने पति अतुल पंवार को दूध में नींद की 25 गोलियां मिलाकर पिला दीं। जब वह गहरी नींद में सो गए, तब प्रेमी ने कमरे में करैत सांप छोड़ दिया, जिसने अतुल को डस लिया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी वारदात की तैयारी कई दिनों से कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, करैत सांप को लगभग 11 दिन पहले लाकर स्कूल में रखा गया था और उसे भूखा रखा गया, ताकि मौका मिलते ही वह हमला कर दे।

मृतक अतुल पंवार हस्तिनापुर में 'कृष्णा किड्स प्ले स्कूल' चलाते थे। उनकी पत्नी दामिनी उसी स्कूल की प्रिंसिपल थी। स्कूल के वैन चालक तुषार के साथ उसके प्रेम संबंध बन गए थे और दोनों ने करीब तीन महीने पहले हत्या की साजिश रची।

पुलिस का कहना है कि अतुल के नाम 20 लाख रुपये का बीमा था। आरोपियों की योजना बीमे की रकम हासिल करने की थी। जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के लिए दो सपेरों को पांच लाख रुपये देने का सौदा किया गया था। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और दोनों सपेरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।