Delhi Samachar
Mathura : पुलिस की पिस्टल छीनकर भागा 119 केसों का आरोपी, मुठभेड़ में वसीम लम्बू हुआ घायल

Mathura : पुलिस की पिस्टल छीनकर भागा 119 केसों का आरोपी, मुठभेड़ में वसीम लम्बू हुआ घायल

Delhi SamacharDelhi Samachar12 August 2026, 06:04 AM14 views

मथुरा में पुलिस और कुख्यात बदमाश वसीम लम्बू के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने मुठभेड़ के बाद वसीम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, वसीम के खिलाफ हत्या, लूट और हथियार तस्करी समेत करीब 119 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से वॉन्टेड था।

पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव की देखरेख में इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, वसीम को 10 अगस्त को बंगाल से गिरफ्तार किया गया था और टीम उसे दिल्ली लेकर आ रही थी। इसी दौरान मथुरा पहुंचने पर उसने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।

पुलिस ने उसे रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली वसीम के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत काबू में लेकर अस्पताल पहुंचाया।

वहीं, बदमाश की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी के बाजू में भी गोली लगी है। घायल पुलिसकर्मी और वसीम दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस वसीम के आपराधिक रिकॉर्ड के साथ मथुरा में हुई पूरी घटना की जांच कर रही है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।