Delhi Samachar
Greater Noida : डर के बीच हनुमान चालीसा का सहारा, लिफ्ट में फंसी 5 लड़कियों का VIDEO वायरल

Greater Noida : डर के बीच हनुमान चालीसा का सहारा, लिफ्ट में फंसी 5 लड़कियों का VIDEO वायरल

Delhi SamacharDelhi Samachar14 July 2026, 09:24 AM11 views

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसायटी से सामने आई घटना ने एक बार फिर लिफ्ट सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेक्टर टेकजोन-4 स्थित गैलेक्सी वेगा सोसायटी में लिफ्ट अचानक खराब हो जाने से पांच लड़कियां करीब आधे घंटे तक उसके अंदर फंसी रहीं। बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद लिफ्ट की लाइट भी बंद हो गई, जिससे अंदर मौजूद लड़कियां घबरा गईं। भय के माहौल में उन्होंने खुद को संभालने और हिम्मत बनाए रखने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। इस दौरान बनाया गया वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सोसायटी के निवासियों का आरोप है कि लिफ्ट में लगी इमरजेंसी बैटरी और आपातकालीन लाइट भी काम नहीं कर रही थी। उनका कहना है कि सोसायटी में लिफ्ट खराब होने की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि परिसर में लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं और मेंटेनेंस स्टाफ की कमी के कारण सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

वहीं, एओए अध्यक्ष सुरेश नागर ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि एनपीसीएल की बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लिफ्ट कुछ समय के लिए बंद हुई थी। बिजली बहाल होते ही लिफ्ट चालू कर सभी लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने मेंटेनेंस टीम पर लगाए गए आरोपों को भी निराधार बताया। फिलहाल यह घटना सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।