Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
Delhi : Zudio फ्रेंचाइजी के नाम पर 39.53 लाख की ठगी, साइबर ठगों को बैंक खाते देने वाला गिरफ्तार

Delhi : Zudio फ्रेंचाइजी के नाम पर 39.53 लाख की ठगी, साइबर ठगों को बैंक खाते देने वाला गिरफ्तार

Delhi SamacharDelhi Samachar26 August 2026, 07:34 AM7 views

जूडियो की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 39.53 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को बिहार के शेखपुरा से गिरफ्तार किया है। शाहदरा साइबर थाना पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय सोनू चौधरी के रूप में हुई है। आरोप है कि वह साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था। जांच में अब तक उसके जरिए 100 से ज्यादा बैंक खाते मुहैया कराने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, गांधी नगर निवासी सुशांत जैन ने जूडियो की फ्रेंचाइजी लेने के लिए गूगल पर जानकारी खोजी थी। इसी दौरान वह एक फर्जी वेबसाइट के संपर्क में आए, जो ट्रेंट-टाटा और जूडियो की आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखाई देती थी। इसके बाद राजेश नाम के व्यक्ति ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर पीड़ित से संपर्क किया और फ्रेंचाइजी की प्रक्रिया व अलग-अलग शुल्क के नाम पर पैसे मांगे।

पीड़ित ने अपने और पिता के बैंक खातों से करीब 39.53 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। शिकायत के बाद शाहदरा साइबर पुलिस ने जांच शुरू की। बैंक लेनदेन, मोबाइल नंबरों और डिजिटल फुटप्रिंट की जांच में सोनू की भूमिका सामने आई।

पुलिस टीम ने बिहार में सत्यापन और निगरानी के बाद उसे 12 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनमें बैंक खातों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।