दिल्ली के अलीपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 (NH-44) पर NIT के सामने स्थित सर्विस रोड एक बार फिर भारी बारिश के बाद तालाब में तब्दील हो गई। सड़क पर इतना पानी भर गया कि एक कंटेनर और एक स्विफ्ट डिज़ायर कार बीच पानी में फंस गईं। वाहनों की आवाजाही ठप हो गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि करोड़ों रुपये सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था पर खर्च होने के बावजूद हर बारिश में यही हाल क्यों हो जाता है? क्या जिम्मेदार विभाग ने समय रहते नालों की सफाई और ड्रेनेज सिस्टम की व्यवस्था की थी? अगर की थी, तो फिर सड़क पर इतना जलभराव कैसे हो गया?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। हर बरसात में इसी स्थान पर जलभराव होता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागों की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
सौभाग्य से इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन यह जलभराव किसी बड़े हादसे को खुला न्योता दे रहा है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग केवल कागज़ी कार्रवाई करता है या इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान भी सुनिश्चित करता है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह

