Delhi Samachar
मौसमBREAKING NEWS
Delhi : दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, गर्मी से मिली राहत; सड़कों पर जलभराव

Delhi : दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना, गर्मी से मिली राहत; सड़कों पर जलभराव

Delhi SamacharDelhi Samachar24 August 2026, 06:38 AM7 views

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। नोएडा और गाजियाबाद समेत कई इलाकों में तेज बारिश के साथ काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही अंधेरा जैसा नजारा दिखाई देने लगा। तेज हवाओं के बीच हुई बारिश ने उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत पहुंचाई।

सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में बादल छाए हुए थे और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई। करीब 11 बजे के बाद नोएडा में मौसम अचानक बिगड़ा और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। कम रोशनी के कारण कई वाहन चालकों को दिन में ही गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा।

गाजियाबाद में भी तेज बारिश के कारण हाईवे और प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। बारिश के चलते कई जगह जलभराव की स्थिति बनने लगी, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

गुरुग्राम के मानेसर इलाके में करीब 40 मिनट तक तेज बारिश हुई। इससे मौसम सुहाना हो गया और गर्मी व उमस से राहत मिली। गुरुग्राम के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आज दिनभर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने और तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।