दिल्ली के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के साथ दो कानून के साथ संघर्षरत किशोरों को भी पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चोरी की Yamaha R15 बाइक और एक अन्य मामले में चोरी हुई Honda Activa स्कूटी बरामद की गई है।
मामला सेंट्रल दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में स्थित DBG रोड थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता ने अपनी काले रंग की Yamaha R15 बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। बाइक सुबह करीब 3 बजे घर के बाहर से चोरी हुई थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल के साथ-साथ आरोपियों के भागने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
CCTV फुटेज में तीन युवक पैदल आते दिखाई दिए, जिन्होंने बाइक का लॉक तोड़कर उसे चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गए।
CCTV एनालिसिस और फील्ड वेरिफिकेशन के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की। SHO DBG रोड इंस्पेक्टर रणधीर सिंह की देखरेख और ACP पहाड़गंज IPS सौरभ ए. नरेंद्र की निगरानी में SI विवेक सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
टीम में HC विक्रम, HC भोपाल, कॉन्स्टेबल शेखर और कॉन्स्टेबल अक्षय शामिल रहे। पुलिस टीम ने लगातार जांच और आपसी तालमेल के बाद आरोपी 23 वर्षीय जतिन को दो CCLs के साथ रेलवे चौक से पकड़ लिया।
पूछताछ और आगे की जांच के बाद पुलिस ने चोरी की Yamaha R15 बाइक बरामद कर ली। इसके अलावा आरोपियों की निशानदेही पर Honda Activa स्कूटी भी बरामद हुई, जो DBG रोड थाना क्षेत्र के ही एक अन्य चोरी के मामले में वांछित थी।
पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से चोरी का एक और मामला भी सुलझाया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं ये लोग चोरी की अन्य वारदातों में भी शामिल तो नहीं थे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।


