दिल्ली के मध्य जिले में मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देकर फरार होने की कोशिश कर रहे संदिग्धों तक पुलिस पहुंच गई। CCTV फुटेज के विश्लेषण और तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा है, जिनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है। इस कार्रवाई में छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से शिकायतकर्ता का OPPO A5 मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके अलावा, वारदात में इस्तेमाल की गई Honda Activa स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की। जांच के दौरान पता चला कि बरामद स्कूटी का संबंध उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के केशवपुरम थाने में दर्ज एक अलग वाहन चोरी के मामले से भी है। ऐसे में पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में सिधीपुरा पुलिस चौकी के इंचार्ज SI विवेक सिंह की निगरानी में SI आशीष, हेड कांस्टेबल विक्रम, हेड कांस्टेबल नवीन और कांस्टेबल शेखर की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पूरी कार्रवाई थाना DBG रोड के SHO के पर्यवेक्षण और ACP पहाड़गंज की देखरेख में की गई।
मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह, IPS के नेतृत्व में पुलिस की इस कार्रवाई में CCTV फुटेज और तकनीकी जांच अहम साबित हुई। पुलिस की इस कार्रवाई से स्नैचिंग की वारदात का खुलासा हुआ है, वहीं बरामद स्कूटी ने एक अन्य वाहन चोरी के मामले का सुराग भी दिया है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


