दिल्ली के मध्य जिले से लेकर पंजाब के अमृतसर तक फैले एक अंतरराज्यीय कार चोर गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। मध्य जिला AATS की टीम ने अमृतसर के जंडियाला गुरु इलाके में कार्रवाई करते हुए दो कथित ऑटो-लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान 33 वर्षीय शमशेर और 39 वर्षीय रिंकू उर्फ रिंकी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह दिल्ली-NCR में रात के समय अच्छी और महंगी गाड़ियों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद इन गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई जाती थी, ताकि उनकी पहचान छिपाई जा सके। इसके बाद चोरी की कारों को ठिकाने लगाने के लिए पंजाब ले जाया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल पांच चोरी की कारें बरामद की हैं। इनमें चार हुंडई क्रेटा और एक मारुति सुजुकी डिजायर शामिल है। इस कार्रवाई से राजेंद्र नगर, बेगमपुर, जनकपुरी, राजौरी गार्डन और नेताजी सुभाष प्लेस थानों में दर्ज वाहन चोरी के पांच मामलों को सुलझाने में मदद मिली है।
फिलहाल, पुलिस अमृतसर निवासी कथित मुख्य रिसीवर हरप्रीत उर्फ हनी और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। अब जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गिरोह ने कितनी अन्य गाड़ियों को चोरी कर ठिकाने लगाया है।


