उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हाईवे किनारे मिले एक लोहे के बक्से ने पुलिस को ऐसे हत्याकांड तक पहुंचा दिया, जिसके पीछे मृतक की पत्नी और उसके करीबियों की भूमिका सामने आई है। आखिर एक पति की हत्या कर उसके शव को बक्से में बंद करके हाईवे किनारे क्यों फेंका गया? पुलिस ने इस मामले का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। आरोप है कि सोनू की पत्नी नेहा रावत ने पड़ोसी जितेंद्र उर्फ राहुल के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। बताया जा रहा है कि सोनू पर सिलबट्टे के बट्टे से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को चादर और कंबल में लपेटा और लोहे के बक्से में बंद कर दिया। इसके बाद लोडर की मदद से शव को हाईवे किनारे फेंक दिया गया। मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।
पुलिस ने इस मामले में नेहा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया सिलबट्टे का बट्टा, लोहे का बक्सा और लोडर भी बरामद किया गया है। अब पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


