दिल्ली के रोहिणी जिले में वाहन चोरों के खिलाफ पुलिस ने ऐसी कार्रवाई की है, जिसमें चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने से लेकर उनके पुर्जे निकालने तक का नेटवर्क सामने आया है। AATS रोहिणी की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चार चोरी की गाड़ियां और एक टाटा इंट्रा टेम्पो बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई ACP ऑपरेशंस अजमेर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर मुकेश की टीम ने की। मामले की शुरुआत नॉर्थ रोहिणी इलाके से चोरी हुई किआ सेल्टोस की जांच से हुई। 21 सितंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि सावदा गांव, कंझावला के एक गोदाम में चोरी की गाड़ी के पुर्जे निकाले जा रहे हैं। टीम ने छापा मारकर विजय उर्फ भैया लाल और कमलेश को गिरफ्तार किया। मौके से आंशिक रूप से खोली गई किआ सेल्टोस, दो चोरी की नंबर प्लेटें, औजार और टाटा इंट्रा टेम्पो बरामद हुआ।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की स्कॉर्पियो-एन भी बरामद की गई। इसके बाद 10 अक्टूबर को पंजाब के फाजिल्का से अमरजीत सिंह उर्फ चुसी को गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर हुंडई क्रेटा मिली। 14 अक्टूबर को अजहर की गिरफ्तारी के बाद मारुति ब्रेजा भी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों की गिरफ्तारी से पांच आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है। गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के बाकी वाहनों की तलाश में जांच जारी है।


