उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र में धापा बेंड के पास एक बेली ब्रिज अचानक टूट गया। हादसा उस वक्त हुआ, जब करीब 40 फीट लंबे इस पुल से पोकलेन मशीन लेकर एक ट्रक गुजर रहा था। ट्रक के पुल पर पहुंचते ही अचानक बीच का हिस्सा टूट गया और देखते ही देखते ट्रक भी नदी में जा गिरा।
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जिस पुल से वाहनों की आवाजाही हो रही थी, वह भारी मशीन से लदे ट्रक का भार सहन नहीं कर पाया और बीच से टूट गया। हादसे के कारणों को लेकर पुल की क्षमता और भारी वाहनों की आवाजाही पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।
फिलहाल, इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे के बाद मौके पर क्या कार्रवाई की गई और ट्रक चालक की स्थिति कैसी है, इसकी जानकारी का इंतजार है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


