दिल्ली के घोंडा और नांगलोई में नकली उत्पादों का ऐसा नेटवर्क पकड़ा गया है, जो नामी ब्रांडों की पैकेजिंग के सहारे लोगों तक नकली सामान पहुंचाने की तैयारी में था। क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में नकली ENO और FeviKwik बनाने के इस कथित नेटवर्क का खुलासा हुआ है। छापेमारी के दौरान बरामद सामान की मात्रा देखकर पुलिस भी जांच में जुटी है कि इस नेटवर्क का दायरा आखिर कितना बड़ा था।
जी हां, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की ARSC टीम ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के ठिकानों से 1 लाख 97 हजार 856 नकली ENO सैशे बरामद किए गए। इसके अलावा 310 किलोग्राम से अधिक भरे हुए सैशे भी मिले, जिनसे करीब 4 लाख सैशे तैयार होने का अनुमान है।
वहीं, छापेमारी में 1 लाख 12 हजार 560 नकली FeviKwik सैशे भी जब्त किए गए। पुलिस को मौके से करीब 200 किलोग्राम कच्चा माल, 3 लाख से ज्यादा ENO स्टिकर और MDH मसाले समेत प्रतिष्ठित ब्रांडों की पैकेजिंग सामग्री मिली है। इसके साथ ही उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली चालू हालत की FFS मशीन भी बरामद की गई।
इस पूरे ऑपरेशन को इंस्पेक्टर रॉबिन त्यागी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। कार्रवाई एसीपी विवेकानंद पाठक के मार्गदर्शन और डीसीपी संजीव कुमार यादव की निगरानी में हुई।
अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि नकली उत्पाद कहां बनाए जा रहे थे और इन्हें बाजार तक पहुंचाने में कौन-कौन शामिल था।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


