दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी का एक ऐसा तरीका सामने आया है, जिसे जानकर सुरक्षा जांच के तरीकों पर भी ध्यान जाता है। यहां दुबई से भारत पहुंचे एक यात्री के सामान से करोड़ों रुपये का सोना बरामद किया गया है। खास बात यह है कि इस सोने को छिपाने के लिए किसी सामान्य बैग या कपड़े का नहीं, बल्कि दरवाजे में इस्तेमाल होने वाले भारी मैकेनिकल हार्डवेयर का सहारा लिया गया था।
जानकारी के मुताबिक, भारतीय यात्री दुबई से दिल्ली पहुंचा था। जब उसके सामान की जांच की गई, तो उसमें लगे फ्लोर स्प्रिंग यानी दरवाजे को नियंत्रित करने वाले मैकेनिकल उपकरण के भीतर सोना छिपाए जाने का पता चला। इसके बाद जांच में करीब 3.20 किलोग्राम सोने की रॉड बरामद की गई।
बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 3 लाख रुपये बताई गई है। सोने को इस तरह छिपाने का कथित मकसद एयरपोर्ट पर होने वाली नियमित लगेज स्कैनिंग और सुरक्षा जांच से बचना था।
अब इस मामले में जांच का अहम पहलू यह है कि सोना किस उद्देश्य से लाया गया था और इसके पीछे किसी बड़े तस्करी नेटवर्क की भूमिका है या नहीं। एयरपोर्ट पर सामने आया यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि तस्करी के लिए किस तरह अलग-अलग तरीके अपनाए जा सकते हैं।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


