Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : महानवमी पर CM रेखा गुप्ता ने किया कन्या पूजन, बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा पर दिया संदेश

Delhi : महानवमी पर CM रेखा गुप्ता ने किया कन्या पूजन, बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा पर दिया संदेश

Delhi SamacharDelhi Samachar19 October 2026, 11:48 AM7 views

दिल्ली में महानवमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कन्या पूजन किया गया। इस दौरान छोटी-छोटी कन्याओं का पूजन कर मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति में बेटियों के सम्मान और शक्ति के महत्व का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आवास पर सपरिवार कन्या पूजन किया। उन्होंने कन्याओं के पैर पखारे, तिलक लगाया और चुनरी ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। इसके बाद कन्याओं को महाप्रसाद भेंट किया और उनका आशीर्वाद लिया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों को महानवमी की शुभकामनाएं दीं और माता रानी से सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक माना जाता है। लेकिन कन्या पूजन की भावना केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। बेटियों को सम्मान देना, उन्हें बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और आगे बढ़ने के समान अवसर देना भी उतना ही जरूरी है।

उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब बेटियां शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनें। मुख्यमंत्री के मुताबिक, दिल्ली सरकार बालिकाओं के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा, कौशल विकास, सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन और आधुनिक तकनीकी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे बेटियों के अधिकारों की रक्षा करें और उन्हें अपने सपने पूरे करने के लिए प्रोत्साहित करें।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।