उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार में एक हजार रुपये लौटाने के बहाने बुलाया गया शख्स अपनी जान गंवा बैठा। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के पीछे कथित प्रेम प्रसंग और मृतक की पत्नी से शादी करने की मंशा बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों समेत सात आरोपियों को पकड़ा है।
दरअसल, 13 अक्टूबर की रात करीब 9 बजकर 10 मिनट पर सोनिया विहार के 4.5 पुश्ता इलाके में मनीष यादव को गोली मार दी गई थी। उन्हें इलाज के लिए सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने जांच के दौरान 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, उमेश मौर्य उर्फ मयंक और विवेक सिंह पर दो नाबालिगों को दो लाख रुपये में हत्या के लिए तैयार करने का आरोप है। जांच में दावा किया गया कि मनीष को यूपीआई से 100 रुपये भेजकर नकद लौटाने के बहाने घर से बाहर बुलाया गया, जहां उन पर गोली चला दी गई।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। हथियार मुहैया कराने वाले व्यक्ति को भी पकड़ा गया है। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य कड़ियों और ऑनलाइन भुगतान के रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


