दिल्ली के मॉडल टाउन में एक महिला को निशाना बनाकर सोने की चेन लूटने वाले बदमाशों को शायद अंदाजा नहीं था कि वारदात के तुरंत बाद ही पुलिस उनके पीछे पहुंच जाएगी। शालीमार पार्क में 56 वर्षीय महिला से चाकू की नोक पर चेन लूटकर भागने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि जांच के दौरान दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
यह मामला 16 अक्टूबर 2026 का है। नॉर्थ-वेस्ट जिले के थाना मॉडल टाउन की क्रैक टीम के हेड कांस्टेबल पवन और कांस्टेबल चंदरपाल ने घटना के बाद तुरंत कार्रवाई की। स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर दूसरे आरोपी मोहम्मद शमीम उर्फ लल्लू की निशानदेही पर रोहित उर्फ संदीप, कांची और पियूष को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान मोहम्मद शमीम उर्फ लल्लू और रोहित उर्फ संदीप के रूप में हुई है। शमीम के पास से एक सोने की चेन और खंजर बरामद हुआ, जबकि दूसरी चेन का संबंध मुखर्जी नगर थाने में दर्ज एक अन्य मामले से बताया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल स्कूटी पर आगे और पीछे अलग-अलग नंबर प्लेट लगी थीं। पुलिस के अनुसार, रोहित की संलिप्तता चोरी, झपटमारी, लूट और शस्त्र अधिनियम समेत 18 आपराधिक मामलों में पाई गई है, जबकि शमीम दो रेलवे अधिनियम के मामलों से जुड़ा है।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की कड़ियों की जांच कर रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


