दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 10 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनमें 6 मोटरसाइकिल और 4 स्कूटी शामिल हैं। बरामद वाहनों के तार दिल्ली और हरियाणा में दर्ज चोरी के कई मामलों से जुड़े मिले हैं।
दरअसल, 14 अक्टूबर को सेक्टर-18/19 मेट्रो स्टेशन के पास से एक स्कूटी चोरी हुई थी। इस मामले में समयपुर बादली थाने में ई-एफआईआर दर्ज की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध दिखाई दिए।
इसी बीच, इलाके में गश्त कर रही पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को उसी चोरी की स्कूटी पर जाते हुए देखा। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर नौ अन्य चोरी के दोपहिया वाहन भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय मनीष, निवासी नांगलोई, और 52 वर्षीय लक्ष्मी नारायण बंसल, निवासी शकूर बस्ती, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मनीष पहले भी चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 30 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जबकि दूसरा आरोपी भी पूर्व में एक मामले में शामिल रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के अन्य मामलों में शामिल होने और इस गिरोह से जुड़े दूसरे लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच कर रही है।


