दिल्ली के रोहिणी में आपराधिक दबदबा कायम करने की कोशिश में एक 19 वर्षीय युवक पर चाकुओं से हमला करने का मामला सामने आया है। बेगमपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू बरामद किए हैं।
मामला 11 अक्टूबर का है, जब सेक्टर-23, बेगमपुर में चाकूबाजी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक बृजेश को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सीने के ऊपरी हिस्से और पीठ के निचले हिस्से में गहरे घाव समेत शरीर पर कई चोटें मिलीं। इसके बाद बेगमपुर थाने में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की गई।
पुलिस ने जांच के दौरान स्थानीय लोगों से पूछताछ की और गुप्त सूचना के आधार पर रोहिणी सेक्टर-23 स्थित रामलीला ग्राउंड में कार्रवाई की। यहां से सुमन कुमार, लकी और अरबाज अली को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से दो चाकू बरामद हुए, जिनमें एक बटन से खुलने वाला चाकू भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात का कथित मकसद आपराधिक गतिविधियों के जरिए दबदबा बनाना और लोगों में डर पैदा करना था। मामले में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


