आउटर नॉर्थ जिला पुलिस को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अलीपुर इलाके के जिंदपुर स्थित रिट्रीट रिजॉर्ट (Retreat Resort) के एक कमरे में चल रहे हाई-प्रोफाइल जुए के अड्डे पर पुलिस ने छापेमारी कर 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया है और करीब 24 लाख रुपये (23,78,350 रुपये) की भारी-भरकम नकदी बरामद की है। इसे इस साल की दिल्ली पुलिस द्वारा की गई सबसे बड़ी जुए की रेड माना जा रहा है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अलीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक रिजॉर्ट में अवैध रूप से जुए का बड़ा अड्डा चलाया जा रहा है। सूचना पुख्ता होने के बाद DCP शोभित सक्सेना के आदेश पर ACP फिरोज आलम की निगरानी में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सर्च वारंट के साथ रात के वक्त रिट्रीट रिजॉर्ट के रूम नंबर 227 पर अचानक छापा मारा। कमरे के अंदर 11 लोग ताश के पत्तों के जरिए दांव लगा रहे थे। टेबल और पर्सनल तलाशी में शुरुआती तौर पर सवा तीन लाख रुपये के करीब मिले।
असली खजाना तब सामने आया जब बाहर खड़ी आरोपियों की गाड़ियों की तलाशी ली गई। एक लग्जरी गाड़ी (Fortuner) से काले रंग के अरमानी (Armani) बैग में 10 लाख रुपये मिले। इसके अलावा अन्य गाड़ियों (Toyota Hyrider और Grand Vitara) से भी लाखों रुपये कैश बरामद हुए।
DCP शोभित सक्सेना ने मीडिया को जानकारी दी है कि यह पूरा सेटअप एक सुनियोजित 'गैंबलिंग डेन' (Gambling Den) की तरह ऑपरेट किया जा रहा था। इसे देखते हुए होटल मैनेजमेंट के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह गहराई से जांच कर रही है कि यह अवैध अड्डा पिछले कितने समय से चल रहा था और इसमें रिजॉर्ट के स्टाफ या मालिकों की क्या मिलीभगत थी।
रिपोर्टर - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


