दिल्ली के रोहिणी में नशे की खेप पहुंचाने के लिए आई MG ग्लॉस्टर कार पुलिस के जाल में फंस गई। STF की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 2.837 किलोग्राम अफीम बरामद हुई है। पुलिस ने इस्तेमाल की जा रही MG ग्लॉस्टर कार को भी जब्त कर लिया है।
यह कार्रवाई रोहिणी जिले में नशीले पदार्थों की अवैध सप्लाई रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को स्पेशल स्टाफ की टीम को साउथ रोहिणी थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की आवाजाही को लेकर पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने रोहिणी सेक्टर-3 स्थित श्मशान घाट रोड के पास जाल बिछाया। इसी दौरान MG ग्लॉस्टर कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 2.837 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। मौके से 52 वर्षीय संजय कुमार को गिरफ्तार किया गया, जो दिल्ली के प्रेम नगर-III का निवासी है।
इस मामले में साउथ रोहिणी थाने में NDPS एक्ट की धारा 18/25 के तहत FIR नंबर 316/26 दर्ज की गई है।
अब पुलिस इस खेप के सप्लायर और नशे की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


