दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-34 में लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए अपनाया गया तरीका देखिए—पहले कार रुकवाई, फिर अस्पताल जाने के लिए मदद मांगी और जैसे ही चालक मदद के लिए नीचे उतरा, उसके गले की सोने की चेन छीन ली। लेकिन मौके पर मौजूद दिल्ली पुलिस के एक सतर्क जवान की मुस्तैदी ने दोनों महिलाओं को भागने नहीं दिया।
घटना बवाना से बरवाला गांव जाने वाली नहर रोड की है। शिकायत के मुताबिक, पीड़ित अपनी कार से दफ्तर जा रहा था। इसी दौरान दो महिलाओं ने उसे रोककर अपनी सास को अस्पताल ले जाने की बात कही। उनकी मदद करने के लिए जैसे ही पीड़ित कार से बाहर निकला, दोनों ने कथित तौर पर उसके गले से सोने की चेन छीन ली।
पीड़ित के शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे हेड कांस्टेबल संदीप ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों महिलाओं को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने करीब 15 ग्राम वजन की सोने की चेन भी बरामद की है।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सपना (30) और प्रियंका (35), निवासी धर्मपुरा, नजफगढ़ के रूप में हुई है। शाहबाद डेयरी थाने में एफआईआर नंबर 655/26 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल संदीप की तत्परता अहम रही।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


