Delhi Samachar
राज्यBREAKING NEWS
Bihar : हेलीकॉप्टर ने बढ़ाई लोगों की धड़कनें, 7 मिनट तक हवा में होल्ड रहे सीएम सम्राट चौधरी

Bihar : हेलीकॉप्टर ने बढ़ाई लोगों की धड़कनें, 7 मिनट तक हवा में होल्ड रहे सीएम सम्राट चौधरी

Delhi SamacharDelhi Samachar11 July 2026, 10:52 AM11 views

बिहार के हाजीपुर में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के बाद करीब सात मिनट तक हवा में एक ही स्थान पर मंडराता रहा। यह घटना अक्षयवट राय स्टेडियम की है, जहां मुख्यमंत्री एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जैसे ही हेलीकॉप्टर ने पटना के लिए उड़ान भरी, वह आगे बढ़ने के बजाय कुछ समय तक हवा में होल्ड की स्थिति में रहा। हेलीकॉप्टर को लंबे समय तक एक ही जगह पर देखकर स्टेडियम में मौजूद लोगों और अधिकारियों के बीच चिंता बढ़ गई। संभावित खतरे की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला तथा लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर हटाना शुरू कर दिया। कुछ देर के लिए पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

हालांकि, करीब सात मिनट बाद हेलीकॉप्टर ने सामान्य रूप से अपनी उड़ान जारी रखी और सुरक्षित पटना के लिए रवाना हो गया। घटना के बाद प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि हेलीकॉप्टर में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी नहीं थी। अधिकारियों के अनुसार, पायलट को आगे की लोकेशन स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रही थी। सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उन्होंने हेलीकॉप्टर को हवा में ही होल्ड करने का निर्णय लिया। जैसे ही दृश्यता और आगे की स्थिति स्पष्ट हुई, हेलीकॉप्टर ने सामान्य रूप से उड़ान जारी रखी। प्रशासन ने इसे पूरी तरह एहतियाती कदम बताया और कहा कि मुख्यमंत्री सुरक्षित हैं तथा पूरे घटनाक्रम के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।