Delhi Samachar
Agra : सेल्फी लेकर 11 महीने की बेटी को यमुना में फेंका, 3 दिन बाद था जन्मदिन; पत्नी को भी नदी में धकेलने की कोशिश

Agra : सेल्फी लेकर 11 महीने की बेटी को यमुना में फेंका, 3 दिन बाद था जन्मदिन; पत्नी को भी नदी में धकेलने की कोशिश

Delhi SamacharDelhi Samachar15 August 2026, 08:01 AM10 views

आगरा में पारिवारिक विवाद के बीच एक पिता पर अपनी 11 माह की मासूम बेटी को यमुना नदी में फेंकने का सनसनीखेज आरोप लगा है। घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र के अकबरा गांव के पास यमुना पुल की है। बताया जा रहा है कि बच्ची का तीन दिन बाद जन्मदिन था।

शुक्रवार को आरोपी रिंकू अपनी पत्नी लक्ष्मी और बेटी के साथ बाइक से जा रहा था। रास्ते में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद रिंकू ने अकबरा पुल पर बाइक रोक दी। आरोप है कि उसने पत्नी से कहा कि वह बेटी के साथ फोटो खिंचवाना चाहता है। उसने बच्ची को पत्नी की गोद से लिया, उसके साथ सेल्फी ली और फिर मासूम को यमुना नदी में फेंक दिया।

बेटी को नदी में फेंकते देख लक्ष्मी ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और उसे भी पुल से नीचे फेंकने की कोशिश की। महिला की चीख-पुकार सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सिकंदरा थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पीएसी के गोताखोरों की मदद से यमुना में बच्ची की तलाश शुरू की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में पारिवारिक कलह को घटना की वजह बताया गया है। वहीं, बेटी के लापता होने के बाद मां लक्ष्मी का रो-रोकर बुरा हाल है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।