बिहार के बेतिया में दिनदहाड़े हुई करोड़ों की लूट की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर की एक व्यस्त सड़क पर स्थित ज्वैलरी शोरूम को बदमाशों ने निशाना बनाया और कुछ ही मिनटों में बड़ी लूट को अंजाम देकर फरार हो गए।
मामला कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित Senco Gold एंड डायमंड शोरूम का है। बुधवार दोपहर करीब 6 से 8 हथियारबंद बदमाश शोरूम में दाखिल हुए। उनके हाथों में बंदूक समेत दूसरे हथियार थे। अंदर घुसते ही बदमाशों ने कर्मचारियों को हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया और लूटपाट शुरू कर दी।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अपराधी शोरूम में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नकदी समेटकर फरार हो गए। कर्मचारियों का दावा है कि बदमाश लगभग सभी गहने और कैश लूटकर ले गए हैं। लूटी गई संपत्ति की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
इस दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। आरोप है कि एक कर्मचारी को बंदूक की बट से पीटकर घायल कर दिया गया।
वारदात की सूचना मिलते ही चंपारण रेंज के DIG हर किशोर राय और SSP कुमार गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कर्मचारियों से पूछताछ की।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान के साथ उनके फरार होने के रास्तों का पता लगाने में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


