दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। मोती बाग स्थित शिव मंदिर के पास एक इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इमारत में PG और हॉस्टल संचालित होने की जानकारी सामने आई है, जिसके चलते कई छात्रों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
दमकल विभाग को दोपहर करीब 1 बजकर 33 मिनट पर इमारत गिरने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इमारत में हादसे के वक्त बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। बचाव अभियान के दौरान अब तक तीन छात्रों को बाहर निकाले जाने की जानकारी है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
एक चश्मदीद के मुताबिक, गिरी इमारत को ‘हॉस्टल डेज़’ बताया जा रहा है, जहां लड़कों के लिए PG चलता था। बताया गया कि यह करीब पांच मंजिला इमारत थी। इसके ठीक बगल की एक अन्य इमारत के भी गिरने की बात सामने आई है। चश्मदीद के अनुसार, कई छात्र अपने कमरों के अंदर थे और उनके मलबे में दबे होने की आशंका है।
फिलहाल फायर ब्रिगेड और अन्य बचाव दल मलबे को हटाकर फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। DDMA और NDRF को भी सूचना दी गई है। छात्रों की सही संख्या रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मौके पर भारी भीड़ मौजूद है और पुलिस स्थिति को नियंत्रित कर रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


