फुलेरा गांव की राजनीति में एक बार फिर हलचल मचने वाली है। सचिव जी, प्रधान जी और बनराकस की नोकझोंक देखने के लिए तैयार हो जाइए, क्योंकि चर्चित वेब सीरीज 'पंचायत' के पांचवें सीजन की रिलीज डेट सामने आ गई है। इस बार कहानी में नए समीकरण और कई दिलचस्प मोड़ देखने को मिल सकते हैं।
ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि 'पंचायत सीजन 5' आगामी 3 दिसंबर को रिलीज होगा। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर नया पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें सीरीज के मुख्य कलाकार अपने पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं। इस खबर के सामने आते ही दर्शकों के बीच नए सीजन को लेकर उत्साह बढ़ गया है।
पांचवें सीजन में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता और अशोक पाठक एक बार फिर अपने चर्चित किरदारों में दिखाई देंगे। वहीं, सुनीता राजवार भी क्रांति देवी के रूप में कहानी को आगे बढ़ाती नजर आएंगी।
दरअसल, चौथे सीजन के अंत में फुलेरा की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला था। चुनाव में प्रधान जी और मंजू देवी को हार का सामना करना पड़ा था, जबकि क्रांति देवी गांव की नई प्रधान बन गई थीं। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि नए नेतृत्व के बीच सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी किस तरह काम करेंगे।
वहीं, अभिषेक का सपना एमबीए करना है। ऐसे में गांव की जिम्मेदारियों और अपने भविष्य के बीच उनका संघर्ष भी कहानी का अहम हिस्सा हो सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 3 दिसंबर को फुलेरा में कौन-सा नया ट्विस्ट देखने को मिलता है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


