Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
पहाड़गंज में निर्माणाधीन होटल की इमारत का हिस्सा ढहा, 8 मजदूर घायल, मची अफरा-तफरी

पहाड़गंज में निर्माणाधीन होटल की इमारत का हिस्सा ढहा, 8 मजदूर घायल, मची अफरा-तफरी

पहाड़गंज में निर्माणाधीन होटल की इमारत का हिस्सा ढहा, 8 मजदूर घायल, मची अफरा-तफरी

Delhi SamacharDelhi Samachar16 November 2026, 05:51 AM8 views

राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में रविवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां निर्माणाधीन होटल की इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के वक्त मौके पर काम कर रहे 8 मजदूर मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस के मुताबिक, पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली थी कि कशेरूवालान, संगतराशन, पहाड़गंज में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सामने स्थित मकान नंबर 3992-3993 का एक हिस्सा गिर गया है। सूचना मिलते ही पहाड़गंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इस इमारत में होटल बनाने का काम चल रहा था। हादसे के समय दूसरी मंजिल पर लेंटर डालने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक इमारत का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

मौके पर निरीक्षण के दौरान पुलिस को इमारत के सपोर्टिंग कॉलम गीले मिले। इसके अलावा इमारत कुछ झुकी हुई भी दिखाई दी। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

हादसे में घायल मजदूरों की पहचान शेख सद्दाम (37), शेख राजा (20), मोहम्मद सुहैल (50), संजुद खान (40), गौतम यादव (28), वरुण यादव (36), राजा (36) और मंटसू (40) के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कुछ मजदूरों को फ्रैक्चर आया है, जबकि कुछ को मामूली चोटें लगी हैं।

फिलहाल सभी घायलों की मेडिकल जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।