Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
भीकाजी कामा प्लेस में पार्किंग की समस्या होगी खत्म, 432 कारों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग शुरू

भीकाजी कामा प्लेस में पार्किंग की समस्या होगी खत्म, 432 कारों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग शुरू

Delhi SamacharDelhi Samachar13 November 2026, 10:15 AM18 views

दिल्ली के भीकाजी कामा प्लेस में अब वाहन चालकों को पार्किंग के लिए सड़कों पर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। व्यस्त कारोबारी इलाके में लंबे समय से पार्किंग की कमी लोगों के लिए परेशानी बनी हुई थी। सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण यातायात भी प्रभावित होता था। लेकिन अब इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी डीडीए ने भीकाजी कामा प्लेस में अत्याधुनिक बहुमंजिला पार्किंग तैयार कर आम जनता के लिए शुरू कर दी है। शुक्रवार को दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने इसका उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया।

पांच स्तरों वाली इस पार्किंग में एक साथ 432 कारें और 193 दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। खास बात यह है कि इसमें दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष पार्किंग स्थान निर्धारित किए गए हैं। कारों के लिए 20 और दोपहिया वाहनों के लिए 10 स्थान दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाए गए हैं।

करीब 6,040 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित इस पार्किंग में फास्टैग से प्रवेश, सीसीटीवी कैमरे, लिफ्ट और खाली पार्किंग स्थान बताने वाली आधुनिक प्रणाली लगाई गई है। इसके अलावा एक साथ 18 इलेक्ट्रिक कारों को चार्ज करने की सुविधा भी मिलेगी।

पार्किंग परिसर में महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, पेयजल, प्रतीक्षालय और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, सुरक्षा के लिए अग्निशमन प्रणाली और आपात स्थिति में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है।

इस पार्किंग के शुरू होने से इलाके में अवैध सड़क किनारे पार्किंग कम होने और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।